December 27, 2025

संवाददाता
कानपुर। 
बुधवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। सर्द हवा से लोगों को गलन महसूस हो रही है। सड़क किनारे लोग ठंड को दूर करने के लिए अलाव के पास बैठे दिखे। न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री दर्ज हुआ।
डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस  इस बार भारत पर कम असर कर रहा हैं। अरब सागर से मिलने वाला सहयोग इस बार नहीं मिल रहा है। ऐसे में धूप निकलने के कारण दिन की सर्दी नहीं पड़ रही है। पूरे उत्तर भारत में बारिश नहीं हो रही है। बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से आने वाली नमी के कारण दिन व रात की धुंध व कोहरा बना रहेगा।
मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि पिछले दिनों आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। जिसके कारण आने वाली हवाएं मौसम को ठंडा करेंगी, जिसके कारण तापमान गिर सकता है। दिन में निकलने वाली धूप भी बीते दिनों की अपेक्षा कमजोर होगी, जिससे दिन का तापमान भी गिरने की संभावना है।
बुधवार सुबह कानपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 135 रिकॉर्ड किया गया। ये हवा की मध्यम स्थिति है। इस समय हवा की स्थिति 11 किमी प्रति घंटे रही।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि हवा की धीमी गति, वातावरण में बढ़ी हुई नमी और जमीन से उड़ रहे धूलकण मिलकर स्मॉग की स्थायी परत बना रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में अस्थमा रोगियों, हृदय और फेफड़ों की समस्याओं से जूझ रहे लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी रखनी चाहिए। सुबह और शाम में घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। 

Related News