
संवाददाता
कानपुर। नरवल तहसील क्षेत्र में एसआईआर कार्य में लापरवाही बरतने पर उपजिलाधिकारी विवेक कुमार मिश्रा ने तीन बीएलओ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इसके साथ ही सभी को एसआईआर का कार्य पूर्ण करने का निर्देश भी दिया गया है।
उपजिलाधिकारी ने एसआईआर कार्य की समीक्षा के दौरान सूची दुबे, अंजू साहू और सरोज कुमारी नामक तीन बीएलओ की प्रगति शून्य पाई। इसी कारण उन्हें नोटिस जारी कर लंबित कार्य पूरा करने की सख्त हिदायत दी गई।
इसी कड़ी में बीएलओ सुषमा और सरोज देवी की प्रगति भी कम पाई गई। उन्हें भी कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि कार्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए और चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी एसआईआर कार्य में लापरवाही करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि आगामी ग्राम पंचायत और विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग पूरी तरह सतर्क है।
शासन स्तर से अधिकारी और कर्मचारी एसआईआर कार्य में व्यस्त हैं और चुनाव प्रक्रिया की तैयारियों में जुटे हुए हैं। शासन ने एसआईआर कार्य पर पूरा जोर दिया है और उसे समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।






