November 24, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  महाराजपुर थाना परिसर में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। हालांकि, यह आयोजन औपचारिकता मात्र बनकर रह गया, क्योंकि शुरुआत में कोई भी सक्षम अधिकारी मौजूद नहीं था।
समाधान दिवस पर फरियादियों की शिकायतें एसएसआई दिग्विजय सिंह की अगुवाई में सुनी गईं। इस दौरान राजस्व विभाग से तीन से चार लेखपाल और दो से तीन कानूनगो उपस्थित रहे। चकबंदी विभाग से भी एक लेखपाल ने पहुंचकर शिकायतें सुनीं।
राजस्व और पुलिस से संबंधित कई शिकायतें प्राप्त हुईं, लेकिन अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण मौके पर उनका निस्तारण नहीं हो सका। बताया गया कि एसआईआर के चलते अधिकारियों की ड्यूटी अन्यत्र लगाई गई थी, जिसके कारण वे समाधान दिवस पर नहीं पहुंच सके। अधिकारियों ने आवश्यक कार्यों का हवाला दिया। थाना परिसर में कुर्सियां खाली पड़ी रहीं, जिससे फरियादियों को परेशानी हुई।
महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार भी वीआईपी ड्यूटी पर थे। वे दोपहर बाद थाना परिसर पहुंचे और उसके बाद फरियादियों की समस्याएं सुनीं। हालांकि, कई फरियादी सक्षम अधिकारी को शिकायत पत्र दिए बिना ही वापस लौट गए। 

Related News