
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सीतापुर के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जगन्नाथ प्रसाद अग्रवाल की प्रतिमा हटाए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर प्रतिमा की पुनःस्थापना और किसानों को फसल नुकसान के मुआवजे की मांग की।
पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी निर्भय सिंह यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने सीतापुर में पूर्व राज्यसभा सांसद जगन्नाथ प्रसाद अग्रवाल की प्रतिमा हटाए जाने की कड़ी निंदा करते हुए उसे तत्काल उसी स्थान पर फिर से स्थापित करने की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने लगातार चार दिनों से हो रही बारिश से धान, आलू और राई की फसलों को हुए भारी नुकसान पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सरकार से प्रभावित किसानों का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की। युवा सपा नेता विनय कोरी ने इस मांग पर जोर दिया।
जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम डॉ. संजीव कुमार दीक्षित को सौंपा गया। सपा व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष अतुल त्रिपाठी ने सरकार पर स्वतंत्रता सेनानी की प्रतिमा हटाकर अपमानजनक कार्य करने का आरोप लगाया। उन्होंने भी प्रतिमा को पुनः स्थापित करने की मांग करते हुए राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
इसके उपरांत, नेहरू पार्क स्थित सपा कार्यालय में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव आशीष यादव चटरू ने इस अवसर पर सरदार पटेल के योगदान को याद किया।
आशीष यादव चटरू ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद 562 रियासतों को एकजुट किया और विभाजन के कठिन दौर में देश को एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
इस कार्यक्रम में श्याम सुंदर यादव, तिलक सिंह, साहिर हुसैन जाफरी, अभिषेक यादव मटरू, अरशद सिद्दीकी, प्रदीप सविता, शैलेंद्र यादव और रामसागर यादव सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






