
संवाददाता
कानपुर। अब मानसून की पूरी तरह से वापसी हो चुकी हैं। अभी तक ये मानसून वाराणसी की तरफ बना हुआ था, लेकिन अब ये पूरी तरह से विदा हो चुका हैं। अब सुबह के समय धुंध के साथ हल्की ठंड का एहसास होगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दिन के अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। शाम के समय भी मौसम में ठंड रहेगी।
उन्होंने बताया कि राज्य में अब मौसम शुष्क बना रहेगा और आगामी चार दिनों तक आसमान साफ रहने की संभावना है। हालांकि तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
कानपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से करीब 5.6 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। दिन के समय सापेक्षिक आर्द्रता अधिकतम 83 प्रतिशत और न्यूनतम 38 प्रतिशत रही। हवा की औसत गति 2.6 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जो उत्तर-पश्चिम दिशा से चली।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक हल्का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके कारण ऊंचे बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। हालांकि इससे वर्षा की संभावना नहीं है, लेकिन धूप कुछ समय के लिए हल्की कमजोर पड़ सकती है।
प्रदेश में अब शरद ऋतु के आगमन के संकेत साफ हैं। सुबह-शाम ठंडक बढ़ने लगी है, जबकि दिन में मौसम सुहावना बना हुआ है।