December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
बिल्हौर के उत्तरीपुरा कस्बे में अवैध निर्माण रोकने पहुंची राजस्व टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। नायब तहसीलदार के मना करने के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। बाद में कानूनगो राजेश दुबे ने मौके पर पहुंचकर निर्माण सामग्री जब्त कर ली और बुलडोजर मंगवाया, लेकिन पानी भरा होने के कारण बुलडोजर निर्माण स्थल तक नहीं पहुंच सका।
दीपावली पर्व के आसपास उत्तरीपुरा कस्बे में अवैध निर्माण कार्यों में तेजी देखी जा रही है। यह पहली बार नहीं है जब बिल्हौर तहसील प्रशासन अवैध निर्माण रुकवाने पहुंचा हो। पहले भी कई निर्माणों को रोका गया, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों की मिलीभगत से काम फिर से शुरू हो गए।
ताजा मामला उत्तरीपुरा कस्बे के नदिया रोड जीटी रोड का है। यहां एक निर्माण को रोकने के लिए बिल्हौर के नायब तहसीलदार पहुंचे थे और उन्होंने काम बंद करने का निर्देश दिया था। हालांकि, उनके जाने के बाद भी निर्माण कार्य जारी रहा।
स्थानीय लोगों की दोबारा सूचना पर कानूनगो राजेश दुबे राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने न केवल निर्माण कार्य रुकवाया, बल्कि मौरंग सहित मिली हुई निर्माण सामग्री भी जब्त कर ली। कानूनगो ने अवैध निर्माण को बुलडोजर से गिरवाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में पानी भरा होने के कारण बुलडोजर मकान तक नहीं पहुंच पाया।
कानूनगो राजेश दुबे ने बताया कि अवैध निर्माण करने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही सर्वेक्षण कर अन्य अवैध निर्माणों को भी चिन्हित किया जाएगा और उन पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।