April 30, 2026

संवाददाता

कानपुर। बिल्हौर विकास खंड की ग्राम पंचायत बरौली में स्थित श्री गुरु कृपा दोना फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
बताया गया कि आग देर रात 12 से 1 बजे के बीच लगी। आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री के अंदर रखी मशीनरी और कच्चा माल पूरी तरह जल गया। आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दमकल की छह गाड़ियों को मशक्कत करनी पड़ी। सुबह 9 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
फैक्ट्री संचालक संजीव ने बताया कि आग से उनका लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फैक्ट्री में रखा सारा तैयार माल और कच्चा मटेरियल जलकर राख हो गया। उन्होंने यह भी बताया कि यह दूसरी बार है जब उनकी फैक्ट्री में आग लगी है। कुछ साल पहले भी ऐसी ही घटना हुई थी।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। 

Related News