
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर तहसील में मिशन शक्ति फेज 5 अभियान के तहत गोहलियापुर संविलियन विद्यालय की कक्षा 7 की छात्रा इच्छा को एक दिन के लिए उपजिलाधिकारी बनाया गया।
बिल्हौर के उपजिलाधिकारी संजीव दीक्षित ने छात्रा इच्छा को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में सुरक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता की भावना को बढ़ावा देना था।
उपजिलाधिकारी का पदभार संभालने के बाद, छात्रा इच्छा ने जनता की शिकायतें सुनीं। उपजिलाधिकारी संजीव दीक्षित की मौजूदगी में उन्होंने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कार्यालय बिल्हौर में सामाजिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता, कर्मचारी, विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्रा के माता-पिता सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम मिशन शक्ति के उद्देश्यों को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।






