
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर तहसील क्षेत्र के अर्जुनपुर गौरननेवादा गांव में देर रात लाखों की चोरी हो गई। अज्ञात चोर घर की छत पर सो रहे परिजनों की मौजूदगी में नकदी और जेवरात लेकर फरार हो गए। सुबह जागने पर परिवार को चोरी का पता चला।
विजय गोपाल पुत्र बाल गोविंद ने बताया कि उनका पूरा परिवार देर रात छत पर सोया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चुरा ली। सुबह जब उन्होंने देखा तो कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था और ताले-कुंडी टूटे हुए थे।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने बारीकी से छानबीन की और कई बिंदुओं पर जांच शुरू की।
हालांकि, देर शाम तक चोरी की घटना का कोई खुलासा नहीं हो सका।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस द्वारा रात में गश्त नहीं की जाती है, जिसके कारण क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। इस वजह से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।






