March 12, 2026

संवाददाता

कानपुर। बिल्हौर के उत्तरीपूरा क्षेत्र में भीषण गर्मी के कारण बिजली आपूर्ति लगातार बाधित हो रही है। उत्तरीपुरा नदिया रोड स्थित रामबक्स पुरवा सहित अर्जुनपुर, राधन, बदननिवादा और चैन निवादा गांवों के उपभोक्ता प्रतिदिन बिजली कटौती से जूझकर हाल बेहाल हो रहे हैं।

क्षेत्र के उपभोक्ता शिव शंकर, असलम, दयाराम, राम खेलावन और जय शिव ने बताया कि बिजली आपूर्ति दिन में कई बार बाधित होती है।
फाल्ट और ट्रांसफार्मर के तार जलने जैसी समस्याएं आम हो गई हैं, जिससे घंटों बिजली गुल रहती है। इस संबंध में विद्युत विभाग के जेई निर्मल कुमार कटियार ने बताया कि बिजली फाल्ट की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। विभाग के कर्मचारी इन समस्याओं को दूर करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
जेई कटियार ने आगे बताया कि जर्जर लाइनों और अधिक समय से लगे पुराने ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल कर दी जाएगी।