
संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर विकासखंड के कुर्मी खेड़ा खुर्द गांव में स्वच्छता अभियान के दावों के बावजूद गंदगी का अंबार लगा है। गलियों और नालियों में गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे ग्रामीणों को बीमारियों का डर सता रहा है।
केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा स्वच्छता अभियान के लिए लाखों रुपये का सरकारी धन आवंटित किया जाता है, लेकिन इस गांव की दुर्दशा देखकर लगता है कि विकास कार्य केवल कागजों पर ही हुए हैं।
ग्रामीण आशीष कटियार, रामविलास, संजय, नीलू, रामबाबू और सर्वेश सहित कई अन्य लोगों ने बताया कि उन्होंने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से कई बार गलियों और नालियों की सफाई के साथ-साथ खड़ंजा और नाली निर्माण की मांग की है। लेकिन काफी समय बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने अब खंड विकास अधिकारी बलराम सिंह को गांव की दुर्दशा से अवगत कराने का फैसला किया है।
इस संबंध में पंचायत सचिव राजेश पाल ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा बताई गई गांव की दुर्दशा के बारे में उन्हें जानकारी मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही गांव में सफाईकर्मी भेजकर सभी गलियों और नालियों की सफाई करवाई जाएगी और कीटनाशक दवा का छिड़काव भी होगा।
इसके अतिरिक्त गलियों में खड़ंजा और नाली निर्माण के लिए एस्टीमेट बनाकर शीघ्र ही कार्य शुरू कराया जाएगा।






