March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में, महिला पुलिस कर्मियों की टीम ने क्षेत्र के एक मंदिर में दर्शन करने आईं महिलाओं को जागरूक किया।
थाना प्रभारी जितेंद्र के अनुसार, ककवन थाना क्षेत्र की महिला पुलिस कर्मियों की एक टीम ने स्थानीय मंदिरों और आसपास के गांवों में चौपाल लगाकर महिलाओं से संवाद किया। मंदिर में दर्शनार्थियों से मुलाकात कर उन्हें मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अभियान के दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने मुख्य रूप से सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों पर जोर दिया। महिलाओं को तत्काल सहायता के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में इन नंबरों पर तुरंत संपर्क किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त, थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क के महत्व को समझाया गया, जहाँ महिलाएँ बिना संकोच के अपनी शिकायतें दर्ज करा सकती हैं। महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं जैसे कन्या सुमंगला योजना की प्रारंभिक जानकारी भी दी गई, ताकि वे इन सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
महिला पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों को पूरी गोपनीयता के साथ सुना जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान कई गांवों में लगातार चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य लक्ष्य महिलाओं और बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करना है।