March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  घाटमपुर के भीतरगांव में एक युवक सौ फिट गहरे कुएं में गिर गया। युवक को कुएं में गिरता देखकर ग्रामीणों ने शोर मचाया। इसके बाद पुलिस को फोनकर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने एक घंटे कुएं में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इसके बाद युवक को बाहर निकालकर भीतरगांव सीएचसी पहुंचाया गया। जहां युवक का उपचार जारी है।
साढ़ थाना क्षेत्र के धौकलपुर गांव निवासी नीरज सचान ने बताया कि उसकी सिरोह बंबा में दुकान है। वह रोज की तरह दुकान बढ़ाकर घर वापस लौट रहा था, तभी गांव के पास पहुंचते ही सौ फिट गहरे कुएं से उसे कुछ आवाज सुनाई दी। उसे लगा कि कोई जानवर तो कुएं में नहीं गिर गया। इसे देखने वह कुएं के पास पहुंचा। तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह लगभग सौ फिट गहरे कुएं में जा गिरा।
कुएं में गिरते हुए दुकानदार ने शोर मचाया तो ग्रामीणों ने शोर सुनकर डायल 112 पर फोन करके पुलिस को दुकानदार के कुएं में गिरने की सूचना दी। 

जानकारी मिलते पीआरवी 6130 मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कुएं में रस्सी के सहारे चारपाई डालकर युवक को चारपाई की मदद से कुएं के बाहर निकाला। इसके बाद उसे एम्बुलेंस की मदद से भीतरगांव सीएचसी पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर युवक का उपचार कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा युवक को रेस्क्यू करने का वीडियो बनाया और वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल कर दिया है।