
संवाददाता
कानपुर। पुलिस ने इंटररेंज गैंग –01 के सरगना, पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अवनीश दीक्षित समेत चार अपराधियों को जिलाबदर कर किया है। नजूल की जमीन कब्जाने और डकैती मामले में कोतवाली पुलिस ने 28 जुलाई को अवनीश को जेल भेजा था। करीब एक साल बाद 2 जुलाई को अवनीश को हाईकोर्ट से बेल मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने अवनीश के खिलाफ एक बार फिर कड़ा एक्शन लिया है।
सिविल लाइंस स्थित नजूल की बेशकीमती जमीन मैरी एंड मैरीमैन कंपाउंड में कब्जे के प्रयास में लेखपाल विपिन कुमार ने पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष अवनीश दीक्षित समेत करीब 12 आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वहीं जमीन के कब्जेदार रहे सैमुअल गुरुदेव सिंह ने अवनीश पर डकैती, लूट समेत अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने 28 जुलाई 2024 को अवनीश को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद एक के बाद एक करीब 21 मुकदमे अवनीश के खिलाफ दर्ज हुए थे।
पुलिस ने कुख्यात विकास दुबे गैंग के बाद अवनीश दीक्षित के इंटररेंज गैंग को दूसरा सबसे बड़ा गिरोह घोषित किया था, जिसमें 26 मेंबर शामिल हैं। 2 जुलाई को अवनीश को हाईकोर्ट ने बेल मिली थी। जिसके बाद पुलिस ने एक बार फिर कड़ा एक्शन लेते हुए अवनीश दीक्षित को 6 माह के लिए जिलाबदर कर दिया है।
इसके साथ ही रेउना थानाक्षेत्र के रूप नगर गांव निवासी वकील को 3 माह, किदवई नगर एच ब्लॉक निवासी शंकर उर्फ शंकर राइडर को 6 माह व धरीपुरवा बंसत विहार निवासी आयुष गुप्ता उर्फ पुच्ची को 6 माह के लिए जिलाबदर किया गया है।






