March 7, 2026

संवाददाता

कानपुर। हरकोर्ट बटलर प्राविधिक विश्वविद्यालय, कानपुर का 7वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार, 19 सितंबर को पश्चिम परिसर स्थित शताब्दी भवन में आयोजित किया जाएगा। इसमें 46 प्रतिशत छात्राओं और 44 प्रतिशत छात्रों को पदक मिलेगा।
समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। मुख्य अतिथि इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष डॉ. रंजीत सिंह साहनी होंगे। डा. रंजीत विश्वविद्यालय के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के पूर्व छात्र भी हैं। ये जानकारी मंगलवार को विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शमशेर सिंह ने दी।
समारोह में कुलपति प्रो. शमशेर विश्वविद्यालय की प्रगति और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण करेंगे। इसी अवसर पर राज्यपाल विश्वविद्यालय की नई इमारतों व सॉफ्टवेयर सेंटर का लोकार्पण करेंगी।
इस वर्ष कुल 1015 विद्यार्थियों को उपाधि दी जाएगी, जिनमें बी.टेक के 684, बीबीए के 19, एम.एससी के 18, एमबीए के 179, एमसीए के 66, एम.टेक के 37 और पीएचडी के 12 छात्र शामिल हैं।
कुलाधिपति पदक कंप्यूटर साइंस के 3 छात्रों को मिलेगा।पंखुड़ी गुप्ता को स्वर्ण पदक, अभय कुमार यादव को रजत पदक, उत्त्कर्ष अग्रवाल को कांस्य पदक मिलेगा।
पंखुड़ी गुप्ता को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, कुलपति स्वर्ण पदक और विशिष्ट छात्र पुरस्कार तीनों से सम्मानित किया जाएगा। उन्हें 40,000 का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
एचबीटीयू ने यूजीसी से 12बी मान्यता प्राप्त की है और एआइयू का सदस्य भी बना है। अनुसंधान के क्षेत्र में 5 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाएं, 500 से ज्यादा शोध पत्रों का प्रकाशन और 25 पेटेंट विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में शामिल हैं।
फूड टेक्नोलॉजी विभाग में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, प्रमोद चतुर्वेदी स्मृति पुरस्कार, केंद्रीय पुस्तकालय का उन्नयन और पश्चिम–पूर्व परिसर को जोड़ने के लिए बस सेवा जैसी सुविधाएं शुरू की गई हैं।
दीक्षांत समारोह से पहले एक सप्ताह तक दीक्षांतिका कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें कला, वाद-विवाद, क्षेत्रीय नृत्य, देशभक्ति गीत और पारंपरिक खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी।
समारोह में 14 शिक्षकों को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा, जिसमें प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर श्रेणियों से एक-एक शिक्षक को कुलाधिपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।