April 30, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  काकादेव में भूमाफिया से प्रताड़ित एक शख्स ने लेखपाल और अधिवक्ता समेत नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि आरोपी जबरन जमीन की रजिस्ट्री करने का दबाव बना रहे हैं, मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर धर्मेंद्र सिंह चंदेल उर्फ बउवन, देवेंद्र, महेंद्र, अंजू सिंह, गजेंद्र सिंह, सुनीता, श्रीपाल यादव, लेखपाल मोहित सचान और अधिवक्ता एके श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
शास्त्री नगर सिंधी कालोनी में रहने वाले आनंद आहुजा के मुताबिक, कानपुर देहात के रनियां में उनकी 10 बीघा जमीन है। वर्ष 2003 में सचेंडी के पकरी ग्राम में रहने वाले भ‌ट्ठा संचालक और सजायाफ्ता धर्मेंद्र सिंह चंदेल उर्फ बउवन ने तत्कालीन लेखपाल मोहित सचान के जरिए उनसे संपर्क करके जमीन खरीदने की इच्छा जताई तो उन्होंने इंकार कर दिया।
इस पर अप्रैल 2014 में उसे बहाने से रतनलाल नगर में बुलाया गया और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर 34 लाख 75 हजार रुपए प्रति बीघा के हिसाब से अपनी बहनों अंजू और सुनीता सिंह के नाम पर सेल एग्रीमेंट में हस्ताक्षर करवा लिए गए, लेकिन तय समय पर रकम अदा नहीं की। बहन सुनीता की ओर से कोर्ट में वाद दाखिल करवा कर जमीन को विवादित कर दिया। आरोपी अब रजिस्ट्री करने का दबाव बनाकर धमका रहे हैं।
थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि आरोपी धर्मेंद्र, देवेंद्र व महेंद्र सिंह के खिलाफ सचेंडी, कोतवाली, महोबा, कानपुर देहात में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा, गुंडा एक्ट समेत अन्य धाराओं में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं, मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी। 

Related News