
संवाददाता
कानपुर। सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर एक गर्भवती महिला को लेबर पेन शुरू हो गया। महिला अकेली थी और दर्द से कराह रही थी। आरपीएफ की उप निरीक्षक अंजना सिंह और महिला कॉन्स्टेबल अंजना पटेल तुरंत उसकी मदद के लिए पहुंचीं।
महिला ने अपना नाम राजवंती बताया। वह उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के गांव रानू की रहने वाली है। उसकी उम्र 31 साल है। स्टेशन पर मौजूद मधुराज अस्पताल के डॉ. रितेश द्विवेदी ने महिला को चेक किया। उन्होंने महिला को उर्सला हॉस्पिटल रेफर कर दिया।
महिला कॉन्स्टेबल के साथ राजवंती को एम्बुलेंस से उर्सला अस्पताल ले जाया गया। वहां उसने एक बच्ची को जन्म दिया। मां और बच्ची दोनों स्वस्थ हैं।
महिला राजवंती ने समय पर मदद के लिए आरपीएफ स्टाफ का शुक्रिया अदा किया ।






