March 9, 2026

संवाददाता

कानपुर। कल्याणपुर में 74 वर्षीय वृद्धा से 20 लाख रुपए रंगदारी वसूलने के बाद आरोपियों ने प्लॉट पर कब्जा करने की धमकी दी। पीड़िता बुजुर्ग महिला की तहरीर पर कल्याणपुर थाने में अशोक शुक्ला उर्फ लाली,प्रशांत मिश्रा उर्फ गोरे समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में जुट गई है।
कल्याणपुर अंबेडकर पुरम निवासी 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला शिवाकांती ने बताया कि वह बीमारी से ग्रस्त है। बीते 2008 में उन्होंने मृत्युंजय सिंह और उनके परिजनों से एक प्लॉट खरीदा था। उसे जानकारी हुई कि मोहल्ले के दो प्लॉट पर अशोक शुक्ला उर्फ लाली और प्रशांत मिश्रा उर्फ गोरे ने फर्जी दस्तावेज बनवाकर कब्जा कर रखा है।
कुछ दिनों बाद अशोक शुक्ला उर्फ लाली ने गिरोह के अन्य साथियों के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेज तैयार करवा लिए। जिसके बाद आरोप है कि प्रार्थिनी के पुत्र को जान से मारने और फर्जी मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी देकर उनसे 20 लाख रुपए रंगदारी वसूली गई। इतना ही नहीं आरोपियों ने प्लॉट को कम कीमत पर अपने गुर्गे के नाम रजिस्ट्री करने का दबाव बनाया।
जब पीड़िता ने रजिस्ट्री से इंकार कर दिया तो प्लॉट को विवादित बनाने के लिए किसी केशव लाल गुप्ता से रावतपुर थाने में झूठा प्रार्थना पत्र दिलवाया गया, जबकि उक्त प्लॉट कल्याणपुर थानाक्षेत्र में है। प्लॉट पर कब्जा करने की नीयत से लगातार उसे धमकियां दी जा रही है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।