
संवाददाता
कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर में तीसरे छात्र परिषद, आत्मोदय हॉबी क्लब और तरंग बैंड के लिए एक भव्य शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
इस समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, प्रति-कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, वित्त अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी, डीन अकादमिक प्रो. ब्रष्टि मित्रा, डीन छात्र कल्याण प्रो. अंशु यादव, हॉबी क्लब समन्वयक डॉ. ममता तिवारी और मुख्य प्रॉक्टर शशिकांत त्रिपाठी उपस्थित रहे।
इस समारोह की शुरुआत में सत्र 2024-25 के पुराने छात्र परिषद सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसके बाद, सत्र 2025-26 के नए छात्र परिषद सदस्यों को बैज पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान, नए परिषद सदस्यों ने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने की शपथ ली। इसी के साथ, छात्र परिषद की वार्षिक पत्रिका का भी विमोचन किया गया, जिसमें छात्रों की रचनात्मकता और गतिविधियों को दर्शाया गया है।
इस अवसर पर छात्रों ने गणमान्य व्यक्तियों को स्वयं निर्मित किए स्मृति चिन्ह भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा लक्ष्य विश्वविद्यालय के सभी छात्रों के लिए 100% इंटर्नशिप और 100% रोजगार सुनिश्चित करना है। उन्होंने नए छात्र परिषद को छात्रों को एकजुट करने और सहयोग व समन्वय से काम करने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।
प्रति-कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी ने छात्र परिषद की सराहना करते हुए कहा कि वे छात्र समुदाय के विकास के लिए सराहनीय कार्य कर रहे हैं और उन्हें इसी तरह पूरे साल काम करते रहना चाहिए।
यह समारोह छात्रों को नेतृत्व क्षमता विकसित करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है।






