
संवाददाता
कानपुर। साइबर ठग ने एपीके फाइल भेजने के साथ ही आरटीओ अधिकारी बनकर युवक को धमकाते हुए उनके व उनकी पत्नी के खाते से 13.28 लाख रुपए पार कर दिये। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर सेल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एक्सप्रेस रोड निवासी वीरेंद्र कुमार राठौर ने बताया कि उनके वाट्सएप नंबर पर एक अनजान नंबर से दो मैसेज आए, जिसमें एक एपीके फाइल थी, इसके साथ ही उसी नंबर से उन्हें वाट्सएप कॉल आई और कॉल करने वाले ने खुद को आरटीओ आफिस का अधिकारी बताते हुए एपीके फाइल डाउनलोड करने को कहा।
फाइल डाउनलोड करते ही उनका फोन हैक हो गया। जिसके कुछ ही देर बाद उनके खाते से दो बार में 4.99 लाख व उनकी पत्नी के खाते से 8.29 लाख समेत कुल 13.28 लाख रुपए निकल गए। इसके बाद भी आरोपी ठग लगातार उन्हें कॉल कर रहा है।
पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल थाने में की। थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।






