
संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला बस परिचालक के साथ हुई मारपीट और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। जया सिंह नाम की महिला इलेक्ट्रिक बस में परिचालक के रूप में काम करती हैं।
26 अगस्त को जया बिंदकी जा रही थीं। नरवल मोड़ कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर थाना महराजपुर के पास रिलायंस पेट्रोल पंप के निकट दो लोगों ने बस रोक ली। सतीश चंद्र और विपिन ने खुद को परिवहन विभाग का अधिकारी बताया। उन्होंने जया को नीचे बुलाया।
जया जब एटीएम मशीन लेकर उतर रही थीं, तब सतीश चंद्र ने गालियां देते हुए उनका हाथ पकड़कर खींच लिया। इस घटना में जया बस से गिर गईं और उनके हाथ में चोट आ गई।
पीड़िता ने महाराजपुर थाने में शिकायत की। परिवहन विभाग के एआरएम अभिनव निगम मौके पर आए और समझौता करवाया। दोनों आरोपियों ने माफी मांगी और लिखित में आश्वासन दिया कि वे जया की नौकरी को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे।
लेकिन दो दिन बाद ही इन लोगों ने जया के खिलाफ 7 डब्ल्यूटी लगवा दी और उन्हें ड्यूटी करने से रोक दिया। आरोपी अब जया से तीस हजार रुपये की मांग कर रहे हैं। जया की आजीविका इसी नौकरी पर निर्भर है। इस घटना से उनकी नौकरी खतरे में पड़ गई है और वे मानसिक तनाव में हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
महाराजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि तहरीर मिली है जांच करके आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।






