March 5, 2026

संवाददाता
कानपुर।
आईआईटी कानपुर और पंचायती राज मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में एक विशेष पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिनमें कानपुर नगर और कानपुर देहात दोनो जनपदों के लोगों ने हिस्सा लिया।

कानपुर के सरसौल ब्लॉक की प्रमुख डॉ. विजय रत्ना तोमर ने इस कार्यक्रम में भाग लिया। डॉ. विजय रत्ना तोमर कानपुर नगर व कानपुर देहात की एकमात्र महिला ब्लॉक प्रमुख हैं, जिन्हें अर्थशास्त्र में पीएचडी की उपाधि प्राप्त है।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विजय रत्ना तोमर ने कई महत्वपूर्ण बैठकों में हिस्सा लिया। उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रशासनिक अधिकारियों और प्रोफेसरों से विचार-विमर्श किया। प्रो. विमल कुमार, इकोनॉमिक साइंसेज, प्रो. सत्यकी रॉय और पंचायत विभाग की प्रवीणा चौधरी ने विशेष मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस प्रशिक्षण से उन्हें पंचायत राज प्रणाली की कार्यप्रणाली और शासन व्यवस्था की गहरी समझ मिली। डॉ. तोमर ने कहा कि यह प्रशिक्षण ब्लॉक स्तर पर प्रशासनिक कार्यों को कुशलतापूर्वक संचालित करने में मददगार साबित होगा। उन्होंने नीति निर्माण में ब्लॉक स्तर के प्रतिनिधियों से सुझाव लेने की सलाह दी। उनका मानना है कि इससे त्रिस्तरीय पंचायती राज प्रणाली की मूलभूत समस्याओं को समझने में मदद मिलेगी।