
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर में बुद्धा पार्क को परिवर्तित कर शिवालय पार्क बनाने को लेकर राजनीति गरमा गई है। बसपा प्रमुख मायावती और भीम आर्मी, असपा प्रमुख और सांसद चंद्रशेखर ने बुद्धा पार्क के नाम परिवर्तन और वहां 12 ज्योर्तिलिंग स्थापित करने पर आपत्ति जताई।
मायावती ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि कानपुर के बुद्धा पार्क में दूसरे धर्म के पूजा स्थल का निर्माण प्रस्तावित है, यह कतई भी उचित नहीं है। सरकार इसे तत्काल रोके, वरना यहां लोगों के बीच अशांति एवं घृणा फैल सकती है।
वहीं सांसद चंद्रशेखर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बुद्धा पार्क को शिवालय पार्क में परिवर्तित करने की योजना पर आपत्ति जताई है। उन्होंने भी अपने एक्स अकाउंट पर लेटर पोस्ट किया है।
शहर में शिवालय पार्क को बनाने के लिए बुद्धा पार्क को चुना गया है। प्रयागराज के शिवालय पार्क की तर्ज पर यहां 12 ज्योतिर्लिंग स्थापित करने की योजना है। इसके साथ ही बुद्धा पार्क में ही हैप्पीनेस पार्क भी विकसित किया जाना है, जो कानपुर की हैप्पीनेस की पहचान को दर्शाएगा। दोनों ही कार्यों में करीब 15 करोड़ रुपए खर्च किए जाने हैं।
नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने अधिकारियों के साथ बुद्धा पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया था। केडीए के इस पार्क को बनाने के लिए एनओसी मिलने के बाद अधिकारी यहां पहुंचे थे।
बता दें कि शिवालय पार्क के लिए इससे पहले शताब्दी पार्क पनकी और रूमा स्थित पार्क को चुना गया था। लेकिन, योजना पर बात नहीं बनी। खबर छपने के बाद से ही शहर में एक पक्ष इसका विरोध कर रहा है।
नगर निगम के मुताबिक इसका उद्देश्य शहरवासियों को एक ही स्थान पर सभी ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराना एवं उनके धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक महत्व के बारे में जानकारी देना है।






