March 7, 2026

संवाददाता

कानपुर। घाटमपुर क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से अचानक आसमान में ड्रोन उड़ते देखे जाने के बाद गांवों में दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें डर है कि ड्रोन से उनके घरों की निगरानी की जा रही है और चोर किसी भी समय चोरी कर सकते हैं। इस डर के कारण कई ग्रामीण रात में लाठी-डंडे लेकर अपने घरों की रखवाली करने लगे है।
इस मामले में पतारा चौकी इंचार्ज अनुज राजपूत ने पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त कर 14 गांवों में घर-घर जाकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस ने इस दौरान संदिग्ध वाहनों की भी जांच और चेकिंग की।
अनुज राजपूत ने ग्रामीणों से कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने लोगों को समझाया कि यदि किसी को ड्रोन दिखाई दे तो उसकी निगरानी करें और पुलिस को तुरंत सूचना दें, ताकि ड्रोन उड़ाने वाले का पता लगाया जा सके और कारण स्पष्ट हो सके।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के तरगांव, तिलसाड़ा और आसपास के गांवों के ग्रामीण मोहन सिंह चंदेल, दीपू कुशवाहा, अंकित मोहित, आनंद, राजन चक आदि ने बताया कि ड्रोन देखने के बाद वे रात में जागकर अपने घरों की रखवाली कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि वे डर के कारण अपनी सुरक्षा खुद सुनिश्चित कर रहे हैं। पुलिस की गश्त और चौकी इंचार्ज की मौजूदगी ने उन्हें थोड़ी राहत दी है, लेकिन अभी भी सभी ग्रामीण सावधान हैं।
घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि पुलिस लगातार संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है और रात में गश्त कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि अफवाहों में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।
पुलिस का कहना है कि जनता के सहयोग से ही ड्रोन उड़ाने वाले और उनके मकसद का पता लगाया जा सकता है। इसके बाद क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित किया जाएगा।