
संवाददाता
कानपुर। अपनी महिला मित्र से गोरखपुर पहुँचे युवक को संदिग्ध हालत में गोली लग गयी। युवक ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है जिसकी जांच पुलिस ने शुरु कर दी है। बीते 3 दिन पूर्व युवक को गोली लगने से घायल हालत में युवक का दोस्त उसे स्कूटी से जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां से डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोली युवक के कंधे पर छूते हुए निकली है।गोली लगने के बाद युवक ने रामगढ़ताल क्षेत्र में आकर डॉयल 112 पर सूचना दी । घटना की सूचना पर पहुंचकर पुलिस ने घायल युवक का बयान लिया और जांच पड़ताल में जुट गई ।
कानपुर के काकादेव का रहने वाला 24 वर्षीय राहुल गौतम 3 दिन पहले गोरखपुर गया था। राहुल ने बताया कि गोरखपुर की एक तलाकशुदा महिला से उसकी शादी की बात चल रही है। उससे मिलने अक्सर गोरखपुर आना-जाना होता रहता है। वह युवती शादीशुदा थी। लेकिन उसके पति ने उसे तलाक दे दिया । मेरी शादी की बात उससे चल रही है। उसको लेकर कोई विवाद भी नहीं है।
गोरखपुर बस स्टेशन के पास एक होटल में राहुल कमरा लेकर रुका हुआ था। राहुल ने बताया कि उसने अपने एक दोस्त को मिलने के लिए बुलाया था। उसका दोस्त बोला कि चलो रामगढ़ ताल घुमाने ले चलता हूं। इसके बाद राहुल स्कूटी से देर रात तक उसके साथ घूमता रहा। इस दौरान दोनों लोग नौसड़ के आगे एक जगह पर रात करीब 2 बजे चाय पीने गए।
वहां जाकर वो लोग चाय पी रहे थे। तभी एक कार आई। उसमे से 2 युवक उतरे। उसमें से एक युवक ने राहुल के ऊपर गोली चला दी। गोली कंधे में लगी है। इसके बाद राहुल का दोस्त उसे स्कूटी पर लादकर इधर-उधर इलाज के लिए भटकने लगा।
दोनों ने हाईवे से होकर रामगढ़ताल क्षेत्र में आकर सुबह करीब 4 बजे डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद राहुल को लेकर उसका दोस्त जिला अस्पताल पहुंचा।
वहां राहुल को कंधे पर लादकर अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचा। जहां पर प्राथमिक इलाज कर डॉक्टरों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
रामगढ़ताल थाना क्षेत्र से डायल 112 को सूचना दी गई थी। इसलिए रामगढ़ ताल थाने की पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। रामगढ़ताल थाने की पुलिस ने जाकर घायल से बयान लिया।
तब पता चला कि घटना गीडा थाना क्षेत्र में हुई है। गीडा थाने की पुलिस को सूचना दे दी गई है।
गीडा पुलिस बीआरडी मेडिकल कॉलेज जाकर घायल राहुल गौतम का बयान लेकर मुकदमा दर्ज करेगी।






