March 4, 2026

संवाददाता

कानपुर। गंगा का जलस्तर 24 घंटे के भीतर 13 सेंटीमीटर और कम हुआ। बीते 3 दिनों से लगातार गंगा का जलस्तर कम हो रहा है। गंगा बैराज के किनारे और बिठूर के आसपास जिन गांवों में गंगा का पानी घुस गया था। उन गांवो में अब लोगों ने राहत महसूस की है ।
रविवार को सुबह गंगा बैराज पर 114.47 मीटर गंगा का जलस्तर दर्ज किया गया। शनिवार को बैराज पर 114 .60 मीटर गंगा का जलस्तर था। रविवार को 3 लाख 89 हजार 415 क्यूसेक पानी कानपुर गंगा बैराज से डिस्चार्ज किया गया ।
हरिद्वार से 1 लाख 56 हजार 965 क्यूसेक पानी गंगा में आया। इसी तरह से नरौरा बांध से 1 लाख 34 हजार 584 क्यूसेक पानी कानपुर गंगा में आया।
गंगा नदी में पानी कम होने से भगवानदीनपुर, चैनपुरवा, पहाड़पुर, भोपालपुर में रहने वालों ने राहत महसूस की है । हालांकि जिला प्रशासन के द्वारा गांवो की निगरानी की जा रही है।
बीते दिनों संबंधित तहसील के अधिकारियों ने गांव में जा कर राहत सामग्री का वितरण किया था। इसके अलावा शनिवार को बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर जिला स्वास्थ्य अधिकारी की टीम ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच भी थी ।
गंगा नदी का जलस्तर अभी भी चेतावनी बिंदु के ऊपर है । लेकिन बीते 72 घंटों से लगातार गंगा नदी का जलस्तर कम होने से उम्मीद जताई जा रही है कि बाढ़ का खतरा लगभग टल गया है ।
बीते दिनों जब कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर 7 दिनों तक लगातार बढ़ा था, तो कई गांवो में सब्जी की फसल पूरी तरह से खेतों में खड़ी खड़ी बर्बाद हो गई थी।
गांव में रहने वाले किसानों की फसल बर्बाद होने से और गांव से वो कहीं भी ना आने जाने के कारण रोजगार प्रभावित हुआ । गंगा किनारे सटे कई गांव में लोग नाव से आवागमन कर रहे थे ।