March 4, 2026

संवाददाता

कानपुर। आरिफ के साथ नौबस्ता आवास विकास के शहंशाह को भी सऊदी अरब भेजने के नाम पर शाहरुख और एजाज ने ठगी का शिकार बनाया था। शाहरुख ने शहंशाह से नौकरी के नाम पर 1.50 लाख की डिमांड की थी, जिसे वसूलने के लिए अपने भाई सलमान को उसके घर भेजा था, जहां शहंशाह की मां रजिया ने सलमान को 50 हजार रुपए दिए थे। 
सऊदी अरब में 19 दिन तक बंधक रहे आरिफ के साथ नौबस्ता आवास विकास निवासी मो. शहंशाह भी एजेंटों के चंगुल में फंसा था, जिसको उसी फ्लाइट में आरिफ के साथ एजेंटों ने सऊदी अरब भेजने का प्लान तैयार किया था। लेकिन मूलरुप से फतेहपुर के छुरी निवासी और हालिया तौर पर मुंबई के भिंडी बाजार निवासी एजाज ने उसे नकली टिकट थमा दिया, जिसका खुलासा मुंबई एयरपोर्ट पहुंचने पर शहंशाह को हुआ। शहंशाह की मां ने इसका विरोध जताया, तो आरोपियों ने उसे धमका कर भगा दिया।
नौबस्ता आवास विकास निवासी शब्बीर पत्नी रजिया बेगम बेटे शहंशाह व दो बेटियों गुलनाज और जीनत के साथ रहते है। रजिया ने बताया कि एजेंट शाहरुख ने उन्हें फोन कर बताया कि उसके पिता मकबूल व भाई सलमान सऊदी अरब में काम करते हैं और कहा कि पासपोर्ट और 1.50 लाख रुपए दो तो उसके बेटे शहंशाह की नौकरी सऊदी अरब में लगवा देंगे। शाहरुख ने 1200 रियाल प्रतिमाह सैलरी मिलने की बात कही थी। जिस पर रजिया रुपए देने को राजी हो गई।
शाहरुख ने अपने भाई सलमान को रजिया के घर रुपए लेने के लिए भेजा, जहां रजिया ने उसे 50 हजार रुपए भी दिए, जिसका रजिया ने वीडियो बना लिया।  रजिया ने बताया कि सलमान ने उन्हें बताया था कि बेटे को अच्छी नौकरी सऊदी अरब में मिल जाएगी।
रजिया ने बताया कि इसके बाद आरोपियों ने उन्हें मुंबई से सऊदी अरब जाने वाली फ्लाइट का एक टिकट दिया, वह शहंशाह को लेकर मुंबई पहुंची। जहां भिंडी बाजार में उन्हें एजाज मिला। एजाज ने उन्हें टिकट थमा कर बाकी रकम ले ली। वह एयरपोर्ट पहुंंची तो उन्हें टिकट फर्जी होने की जानकारी मिली। जिसके बाद उन्होंने एजाज से शिकायत की तो आरोपी टरकाते रहे, और करीब 20 दिन तक मुंबई में रखा। जिसके बाद एजाज ने पासपोर्ट अपने कब्जे में रख कर उन्हें वापस लौटा दिया।
रजिया ने कानपुर आकर शाहरुख से शिकायत की, तो उसने धमका कर भगा दिया। पीड़िता ने थाने–चौकी के चक्कर लगाने के बाद कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर नौबस्ता पुलिस ने मकबूल, फारूख, सलमान, शाहरुख व एजाज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की।
वहीं नौबस्ता पुलिस मामले की जांच में तेजी से जुट गई है। जांच में सामने आया कि ऐसे एक दर्जन एजेंटों का मकड़जाल शहर में फैला हुआ है, जो लोगों को तरह–तरह के सब्जबाग दिखा कर ठगी का शिकार बनाते है। पुलिस की जांच में अब तक करीब आधा दर्जन इस तरह के मामले सामने आ चुके है।