
संवाददाता
कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। व्यापार बन्धु की बैठक में कुल 14 प्रकरण आए, जिनमें से 8 का निस्तारण किया गया।
बैठक में व्यापारी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि दीपावली के दृष्टिगत सितंबर के प्रथम सप्ताह से प्रत्येक शनिवार को प्रमुख बाजारों में दो घंटे का विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि साफ, स्वच्छ, सुंदर कानपुर अभियान को जिला प्रशासन, नगर निगम और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से संचालित किया जाएगा। इस पर डीएम ने हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में व्यापारियों ने पनकी एमआईजी तिराहे पर सड़क के बीच स्थित पिलर हटाने के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विगत वर्षों से दुर्घटनाओं का कारण बने इस पिलर को हटाए जाने से लोगों को बड़ी राहत मिली है।
महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापारियों ने शास्त्री नगर और गुमटी नंबर-5 जैसे प्रमुख बाजारों में पिंक टॉयलेट की आवश्यकता का मुद्दा उठाया। इस पर डीएम ने नगर निगम को सात दिन के भीतर स्थल चयन करने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने यह भी अवगत कराया कि माल उतारने के बाद वाहन नो-एंट्री के कारण बाजार क्षेत्र में ही खड़े रहते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है। इस पर डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने आश्वस्त किया कि व्यवाहरिक समाधान निकालते हुए प्रमुख बाजारों के निकट अलग पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में उपायुक्त जीएसटी शशिधर शाही, विजय पंडित, पुष्पेंद्र जायसवाल, विक्रम पांडेय, आमिर सिद्दीकी सहित प्रमुख व्यापारी प्रतिनिधि और जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।






