March 5, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और हालात धीरे-धीरे बिगड़ते जा रहे हैं। 
सरसौल ब्लॉक मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर डोमनपुर गंगा पुल बना है, जो कानपुर और उन्नाव को जोड़ता है। लेकिन गंगा का पानी बढ़ने से इस पुल से जुड़ा सड़क मार्ग कटकर टूट गया है। अब लोग मजबूरी में 3 किलोमीटर की दूरी तय करने के लिए 40-50 किलोमीटर का चक्कर लगा रहे हैं।
सड़क टूटने के बाद पीडब्ल्यूडी ने मार्ग किनारे चेतावनी बोर्ड लगाकर रास्ता बंद कर दिया है। इसका असर सीधा ग्रामीणों पर पड़ा है। जो लोग पहले गढ़ेवा होकर उन्नाव जाते थे, अब उन्हें रामादेवी से घूमकर जाना पड़ रहा है। समय और पैसा, दोनों का नुकसान हो रहा है।
डोमनपुर गांव और आस-पास का कटरी क्षेत्र पूरी तरह से पानी से भर गया है। डोमनपुर के निवासी बताते हैं कि दो हफ्ते पहले से गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा था। अब पानी खेतों तक पहुंच चुका है और धान, तिल्ली जैसी खड़ी फसलें पूरी तरह डूब गई हैं। सब्जियों में करेला, तरोई और भिंडी जैसी फसलें भी नष्ट हो चुकी हैं।
ग्रामीण किसान प्यारेलाल, शिवराम, राजाराम, सेवक, राजू और सुनील ने बताया कि सैकड़ों बीघा जमीन की फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। जिन किसानों ने कर्ज लेकर फसल बोई थी, वे अब सबसे ज्यादा परेशान हैं।
गांव के कई घरों में पानी घुसने का खतरा मंडरा रहा है। कटरी में पानी भरने से लोग अपने परिवार और सामान लेकर सुरक्षित जगहों की ओर जाने लगे हैं। गांव के कई घरों में लोग घरेलू सामान बोरियों में बांधकर ट्रैक्टर और बैलगाड़ी से बाहर ले जाते दिखे। ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में यही संकट सामने आता है और सरकार की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
गंगा का जलस्तर बढ़ने की बड़ी वजह नरौरा बांध से छोड़ा गया पानी बताया जा रहा है। पानी छोड़े जाने के बाद से ही गंगा किनारे बसे गांवों में हालात बिगड़ने लगे हैं। नरवल तहसील के आधा दर्जन से ज्यादा गांव गंगा के बिल्कुल किनारे बसे हैं। फिलहाल गंगा का पानी सीधे गांव में तो नहीं घुसा है, लेकिन खेतों और रास्तों तक पहुंच चुका है। लोग अब इस डर में जी रहे हैं कि अगर पानी का स्तर और बढ़ा तो गांव डूब सकते हैं।
ग्रामीण प्रशासन से लगातार मदद की गुहार लगा रहे हैं। उनका कहना है कि हर साल पुल और सड़क कटने की समस्या आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकलता। किसान चाहते हैं कि सरकार कटरी क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा बांध को मजबूत करे और किसानों को फसल बर्बादी पर मुआवजा दे, ताकि उनकी जिंदगी फिर से पटरी पर लौट सके।