May 5, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद से जुड़ी दो शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने क्विक रिस्पांस टीम को मौके पर भेजा।
तहसील नरवल के ग्राम फुफकार सुईथोक में पहला मामला सामने आया। कैलाश ने गाटा संख्या 1172 पर अवैध कब्जे की शिकायत की। कुछ लोगों ने टीन शेड डालकर रास्ता बंद कर दिया था। नायब तहसीलदार और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया और रास्ता खुलवाया।
दूसरा मामला मौजा हजरतपुर का था। पवन बाघवानी ने राजस्व निरीक्षक की लापरवाही की शिकायत की। सीमांकन आदेश के बावजूद उन्हें भूमि का कब्जा नहीं मिला था। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व निरीक्षक दल ने मौके पर पहुंचकर सीमांकन कराया और शिकायतकर्ता को भूमि का कब्जा दिलाया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस जनता की समस्याओं को मौके पर हल करने का मंच है। इसलिए क्विक रिस्पांस टीम को सक्रिय किया गया है, जो शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचकर समाधान करती है। 

Related News