
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर में नसिरापुर गांव के पास एक खेत में 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला है। मृतक की पहचान चौबेपुर के नाथूपुर, हकीमपुर निवासी सूबेदार के रूप में हुई है।
अरौल थाना क्षेत्र के नसिरापुर गांव से करीब एक किलोमीटर दूर बकोठी गांव में यह शव मिला। स्थानीय निवासी हरिप्रकाश के खेत में शव देखकर ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान रामेंद्र कटियार को सूचित किया। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई।
मृतक के बेटे वीरेंद्र ने बताया कि उनके पिता सुबह खाना खाकर घर से निकले थे। वह अक्सर घर से बाहर जाते रहते थे, इसलिए परिवार ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।
इंस्पेक्टर जनार्दन सिंह यादव के अनुसार, मृतक के शरीर पर किसी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रारंभिक जांच में बीमारी से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।






