March 5, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  कोहना थाना क्षेत्र स्थित बिल्डिंग फ्लैट बनाने वाली एक फर्म से दबंग पिता-पुत्र ने साझेदारी कर दो दुकानों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए बेचकर बिल्डर से 1.45 करोड़ रुपए हड़प लिए। विरोध करने पर आरोपियों ने रुपए भूल जाने व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस कमिश्नर के आदेश पर पिता-पुत्र समेत उनके सीए के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
हरबंश मोहाल के गड़रिया मोहाल निवासी संतोष कुमार सेंडी बिल्डर्स एवं डेवलपर्स फर्म के मालिक है। उनकी फर्म फ्लैट, बिल्डिंग बनाने का काम करती है। मई 2016 में आर्य नगर निवासी प्रवीन कुमार से एक बिल्डिंग बनाने को लेकर एग्रीमेंट किया गया था। जिसमें 34 प्रतिशत उनका शेयर व बाकी शेयर प्रवीन कुमार का था।
जिसके बाद उन्होंने प्लॉट में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर, फर्स्ट फ्लोर, सेकेंड फ्लोर समेत टैरेस का निर्माण कराया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद प्रवीन ने दो दुकानों को उनके साथ मिलकर बेच दिया। उनके हिस्से का 1.45 करोड़ रुपए प्रवीन ने अपने सीए आकाश सक्सेना के साथ मिलकर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए बैंक से निकाल लिए।
साथ ही संपत्ति का कुछ हिस्सा भी दूसरों के नाम कर दिया। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो अपने बेटे अर्चित अग्रवाल के साथ मिलकर मारपीट व जान से मारने की धमकी देते हुए रुपए भूल जाने की बात कहीं। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार से की। 

थाना प्रभारी कोहना विनय तिवारी ने बताया कि पिता-पुत्र व उनके सीए के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।