March 13, 2026

संवाददाता

कानपुर।  चकेरी में दर्दनाक सड़क हादसे में एक रिटायर्ड होमगार्ड के इकलौते बेटे सहित कंटेनर चालक की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब हरियाणा से प्लास्टिक के पाइप लेकर पटना जा रहे एक कंटेनर के चालक को झपकी आ गई।
उसका वाहन हाईवे किनारे खड़े खराब ट्रक में पीछे से जा टकराया। रिटायर्ड होमगार्ड का इकलौता मृतक बेटा हरियाणा की एक कंपनी में कार्यरत था और हरितालिका तीज के अवसर पर घर आ रहा था। इस हादसे में कंटेनर चालक की भी मौत हो गई।
एटा जनपद के सकीट गांव निवासी किसान ओम पाल के दो बेटे कुलदीप और संदीप चौहान था। संदीप ट्रक चालक था, गांव के रहने वाले अधिवक्ता सुरेश चंद्र ने बताया कि संदीप हरियाणा से प्लास्टिक पाइप लेकर पटना जा रहे थे। ट्रक में सवार होकर हरियाणा से हरजेंदर नगर, कांजीखेड़ा निवासी अमित तिवारी अपने घर आ रहा था।
अमित के पिता रिटायर्ड होमगार्ड प्रेम नारायण तिवारी ने बताया कि इकलौता बेटा आईटीआई करने के बाद हरियाणा की एक कंपनी में कार्यरत था। परिवार में पत्नी बिटौली व दो बहने नेहा और निधि हैं। अमित हरितालिका तीज पर बहनों से राखी बंधवाने के लिए कानपुर आ रहा था।
सुबह करीब 5 बजे ट्रक कोयला नगर फ्लाईओवर के पास पहुंचा ही था, तभी कंटेनर चालक संदीप को झपकी आ गई, जिससे कंटेनर हाईवे किनारे खड़े खराब ट्रक में जा घुसा।
जिससे ट्रक चालक संदीप और अमित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम भिजवाया। घर से चंद कदम की दूरी पर हुए हादसे में भाई की मौत की सूचना पर अमित की मां और बहनें बेसुध हो गईं।
चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि ट्रक का पहिया पंचर हो गया था, जिस पर चालक सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर पहिया बनवाने चला गया था। कंटेनर चालक को झपकी आने के कारण हादसा हुआ है।