
संवाददाता
कानपुर। नरवल थाना क्षेत्र में काछिनखेड़ा गांव के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सामने से आ रही चारे से लदी बाइक और दूसरी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
करबिगवा निवासी आशीष अपनी पत्नी नीतू और दोस्त गोविंद के साथ काछिनखेड़ा जा रहे थे। रास्ते में चारे से भरी बाइक से उनकी टक्कर हो गई, जिससे आशीष की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़ी। ग्रामीणों की मदद से तीनों घायलों को सरसौल सीएचसी में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों ने गर्भवती नीतू की हालत गंभीर देखते हुए उसे कांशीराम जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस दौरान परिजनों का आरोप है कि 108 एंबुलेंस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर अभद्रता की और घायलों को ले जाने से इनकार कर दिया। लेकिन परिजनों के काफी हंगामे के बाद एंबुलेंस कर्मियों ने नीतू को जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, और एंबुलेंस कर्मियों के रवैये पर भी कार्रवाई होगी।






