
संवाददाता
कानपुर। नरवल तहसील स्थित थरेपाह गांव में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की निधि से 300 मीटर आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर हंगामा किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य मानकों के विपरीत किया जा रहा है। उन्होंने ठेकेदार और संबंधित विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की गुणवत्ता इतनी खराब है कि यह एक वर्ष भी नहीं चल पाएगी।
निर्माण स्थल की वर्तमान स्थिति इन आरोपों की पुष्टि करती दिख रही है। जहां आगे निर्माण कार्य जारी है, वहीं पीछे से गिट्टियां अपने आप निकल रही हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर निर्माण की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो वे उच्चाधिकारियों के पास शिकायत लेकर जाएंगे।






