March 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।
नगर में स्वास्थ्य, शिक्षा और नागरिक सुविधाओं की खराब स्थिति को लेकर कांग्रेस ने मंडलायुक्त को ज्ञापन सौंपा। कानपुर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता और जोनल प्रभारी गयादीन अनुरागी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंडलायुक्त विजयेन्द्र पांडियन से मुलाकात की।
पवन गुप्ता ने सरकारी अस्पतालों की स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि मरीजों को डॉक्टर नहीं मिल रहे हैं। जांच और दवाओं के लिए दलालों का खेल चल रहा है। लोग महंगे निजी अस्पतालों में इलाज करवाने को मजबूर हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी गंभीर समस्याएं हैं। कई निजी स्कूल आरटीई के तहत गरीब बच्चों को दाखिला नहीं दे रहे हैं। जुलाई 2025 में प्रशासन ने ऐसे स्कूलों की मान्यता रद्द करने की नोटिस जारी की थी। लेकिन भ्रष्टाचार के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई। सरकारी स्कूलों की हालत जर्जर है।
शहर में सड़कों की खराब स्थिति, जलभराव, कूड़ा, गंदगी और आवारा जानवरों की समस्या से लोग परेशान हैं। नगर निगम इन समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है। मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग में दलालों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गरीब बच्चों को शिक्षा का अधिकार दिलाया जाएगा। साथ ही नगर निगम को सड़कों और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार के लिए निर्देश दिए जाएंगे।