
संवाददाता
कानपुर। सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद जीशान और शुभम मिश्रा के रूप में हुई है। मोहम्मद जीशान चकेरी पार्क का रहने वाला है। वहीं शुभम मिश्रा गोविंद नगर का निवासी है।
पुलिस के अनुसार,कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के पास हैरिसगंज पुल के आगे झकरकट्टी की तरफ से दोनों आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों और प्लेटफॉर्म पर सो रहे लोगों के मोबाइल और पर्स चुराते थे।
आरोपियों से तीन चोरी के मोबाइल बरामद हुए हैं। इनकी कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये है। चोरी का सामान वे अंजान व्यक्तियों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देते थे। पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर रही है।
डीएसपी रेलवे कानपुर सेंट्रल दुष्यंत कुमार सिंह और जीआरपी थाना प्रभारी ओमनारायण सिंह की टीम ने यह सफलता हासिल की।






