
आज़ाद संवाददाता
कानपुर। शिवराजपुर कस्बे में चोरों ने फर्नीचर और बीज भंडार की दो दुकानों का शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकानों में रखी नगदी और लाखों रुपए का सामान लेकर फरार हो गए।
शिवराजपुर कस्बे में राम सहाय राजकीय महाविद्यालय के निकट स्थित दुकानों को निशाना बनाया गया। बैरी गांव निवासी विनीत गुप्ता की गुप्ता खाद एवं बीज भंडार और भीटी कुर्सी निवासी पंकज कुमार की आराध्या फर्नीचर दुकानें चोरी का शिकार हुईं। दोनों दुकानदार शाम को अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे।
रात के समय चोरों ने दोनों दुकानों के शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। खाद एवं बीज की दुकान से 25 हजार रुपए की नगदी और लगभग तीन लाख रुपए की दवा व खाद चुराई गई। फर्नीचर की दुकान से लगभग दो लाख रुपए की प्लाई, इनवर्टर और बैटरी चोरी कर ली गई।
सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ देखकर घटना का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुकानदारों को चोरों को जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया है। अपराधियों का पता लगाने के लिए पुलिस कस्बे के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।






