March 11, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
शिवराजपुर विकासखंड के कमालपुर खोंदन गांव की वृहद गोशाला में अफसरों को अचानक निरीक्षण के दौरान गंभीर लापरवाही मिली। 

गोशाला में गंदगी, चारे-पानी की कमी और बीमार गायों के इलाज में लापरवाही की शिकायतें लंबे समय से आ रही थीं। हाल ही में कुछ गायों की मौत और उनके फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला गंभीर हो गया।
मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन के निर्देश पर खंड विकास अधिकारी बलराम सिंह और पशु चिकित्सा अधिकारी अजय निरंजन ने गोशाला का दौरा किया। जांच में पाया गया कि यहां करीब 361 गोवंश हैं, जिनमें से चार बीमार हैं और उनका इलाज चल रहा है। निरीक्षण के दिन सुबह ही एक गाय की मौत हुई थी, जिसका नियमानुसार अंतिम संस्कार किया गया।
गोशाला की खराब स्थिति और सरकारी जिम्मेदारी में लापरवाही मिलने पर ग्राम विकास अधिकारी राकेश झा को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
बरसात के कारण गोशाला परिसर में कीचड़ फैला हुआ था और सफाई की हालत बेहद खराब थी। अफसरों ने तुरंत सफाई कराने के साथ बरसात में जलभराव से बचने के लिए खड़ंजा लगाने का इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सभी गायों का टीकाकरण कराने के आदेश दिए गए। अफसरों ने भरोसा दिलाया कि गोशाला में बेहतर प्रबंधन और साफ-सफाई के लिए जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।