August 10, 2025

संवाददाता

कानपुर। चौबेपुर में एक अनाज की आढ़त में चोरी की घटना सामने आई है। चोर दीवार की खिड़की तोड़कर आढ़त में घुसे और नगदी के साथ अनाज चुराकर फरार हो गए। चोरों ने लगभग दो लाख रुपए का सामान चोरी किया।
तरियानी गांव के प्रत्युष त्रिपाठी कस्बे में हाईवे किनारे लक्ष्मी हास्पिटल के पास सौम्या ट्रेडर्स के नाम से अनाज की आढ़त चलाते हैं। रात को खेतों की तरफ से चोर दीवार की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने आढ़त के मुख्य कार्यालय और गोदाम का ताला तोड़ दिया।
चोरों ने गोलक में रखे लगभग 3 हजार रुपए की नगदी चुराई। इसके अलावा अनाज गोदाम से चार कुंतल राई, 5 कुंतल उरद और 6 कुंतल मूंग भी चोरी कर ले गए। चोरों ने आढ़त में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया और डीवीआर भी अपने साथ ले गए।
यह इस आढ़त में तीसरी चोरी की घटना है। कुछ महीने पहले हुई पिछली चोरी में पुलिस चोरों को पकड़ने और माल बरामद करने में सफल रही थी। आढ़त संचालक को सुबह आढ़त पहुंचने पर घटना का पता चला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।