March 11, 2026

संवाददाता

कानपुर। नगर से सागर जाने वाले हाईवे पर मवेशियों को बचाने में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि करीब ढाई साल पहले युवक की नैनीताल में फायर बिग्रेड विभाग में तैनाती हुई थी, लेकिन उसने ज्वाइन नहीं किया था। नवंबर माह में युवक की शादी महोबा में रहने वाली युवती संग होनी थी।
बिधनू थानाक्षेत्र स्थित अटवा मिर्जापुर निवासी अमित कुमार पीडब्ल्यूडी में ठेकेदार भाई राज के साथ पतारा में रहता था। अमित की नैनीताल में फायर ब्रिगेड में ढाई साल पहले कॉन्स्टेबल के पद पर तैनाती हो गई थी, लेकिन कानपुर से दूर होने के कारण उसने ज्वाइन नहीं किया था। मंझला भाई सुधीर हरियाणा के हांसी में प्राइवेट कर्मचारी है। गांव में मां मीरा देवी और पिता कैलाश रहते हैं। 

मृतक के भाई राज ने बताया कि अमित माता पिता और दोस्तों से मिलने के लिए गया था। जब उसने फोन करके पूछा तो अमित ने बताया था कि वह कुछ देर में घर आ रहा है।
इसके बाद बिधनू पुलिस ने उसके एक्सीडेंट की सूचना दी। वह मौके पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने बताया कि हड़हा पेट्रोल पंप के पास हाईवे पर मवेशी लड़ रह थे, जिन्हें बचाने में घाटमपुर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक गाड़ी मोड़ दी। जिसके बाद अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार अमित को टक्कर मार दी। जिससे वह डिवाइडर में जाकर टकरा गया।

हादसे में अमित की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि अमित की शादी कुछ समय पहले ही हमीरपुर जनपद के महोबा निवासी युवती के साथ तय हुई थी। 18 नवंबर को उसकी शादी होनी थी, जिसकी तैयारियां चल रही थीं। 

क्षेत्रीय ग्रामीणों का कहना है कि हाईवे पर मवेशियों का जमघट लगा रहता है, जिस कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।