August 2, 2025

जयंती पर स्थापित हुई तुलसीदास की भव्य प्रतिमा।

संवाददाता

कानपुर।  श्रीमद्भगवदगीता वैदिक न्यास द्वारा स्थापित श्रीमद्भगवदगीता एवं वैदिक वांगमय शोधपीठ तथा सनातन सेवा सत्संग कानपुर प्रान्त उप्र के संयुक्त तत्वावधान में तुलसीदास जयन्ती पर छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर में श्रीरामचरित मानस एवं श्रीमदभगवदगीता में जीवन प्रबन्धन विषय पर संगोष्ठी एवं गोस्वामी तुलसीदास जंयती समारोह का आयोजन किया गया।
कानपुर विश्वविद्यालय में आयोजित संगोष्ठी के दौरान मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि हिंदू धर्म को खत्म करने के लिए अकबर काल में कुचक्र रचा जा रहा था, तब बाबा तुलसी दास ने प्रण लिया था कि सनातन धर्म को बचाना है। तब उस दौरान नवरत्नों में शामिल तुलसी के समकालीन रहीम ने उन्हें ऑफर दिया था कि वह भी नवरत्नों में शामिल हो जाए, तब तुलसीदास जी ने मना कर दिया था और कहा था कि प्रभु राम ही हमारे राजा है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उस दौरान उपनिषद, वेद को खत्म किया जा रहा था, आग लगाई जा रही थी, तब तुलसीदास जी ने एक संदेश दिया था कि सारे गुरु, गुरु दक्षिणा में एक ही चीज मांगे कि सभी बच्चे वेद को कंठस्थ करें। हमारे वेद पुराण कितने सशक्त थे। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि राजा दशरथ ने उस समय शब्द भेदी बाण चलाया था।
जब मुगलकाल की शुरुआत के दौरान हिंदुओं पर अत्याचार किया जा रहा था, तब तुलसीदास ने राम का नाम घर-घर पहुंचाने के लिए रामचरितमानस लिखी थी। आज तुलसीदास जी की रामायण के बिना सनातन धर्म का कोई काम पूरा नहीं होता है
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के परिसर में गोस्वामी तुलसीदास जी की संगमरमर से बनी हुई भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके बाद गीता का कालजयी संदेश पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
इस संगोष्ठी को सम्बोधित करने के लिए स्वामी प्रबुद्वानंद, इंदौर से आचार्य चिन्मय मिशन, मुंबई से मानस मर्मज्ञ वीरेन्द्र याज्ञनिक भी पहुंचे। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक उपस्थित रहे।।
कुलपति प्रो. विनय पाठक ने बताया कि विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और नैतिक शिक्षा की भी जरूरत होती है। विश्वविद्यालय का ये सौभाग्य है कि तुलसीदास जयंती के पावन अवसर पर तुलसीदास जी की प्रतिमा भी स्थापित हो रही है और संतों का आगमन भी हो रहा है। सरकार के प्रतिनिधि के रूप में उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक भी उपस्थिति है। 

Related News