August 5, 2025

संवाददाता

कानपुर।  पति को छोड़ चुकी शादीशुदा महिला के साथ लिव इन में रहने वाले युवक लखन शुक्ला की मौत में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। युवक की मौत फांसी लगाने से नहीं, बल्कि जहर खाने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है।
फांसी का फंदा हत्या को सुसाइड दिखाने के लिए लगाया गया था। पुलिस ने पति को छोड़कर युवक के साथ लिव-इन रहने वाली महिला गुनगुन को अरेस्ट कर लिया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
जरौली फेस-2 में रहने वाले अर्जुन शुक्ला का बेटा लखन करीब दो महीने पहले घर छोड़कर गुनगुन नाम की महिला के साथ काकादेव ओम चौराहा पर एक मकान में किराए पर रहता था। मृतक लखन से उम्र में 10 साल बड़ी शादीशुदा गुनगुन अपने पति को छोड़कर लखन के साथ लिव इन में रहती थी।
गुनगुन ने बताया था कि गुरुवार भोर में लखन ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया था। उसने फंदा काटकर नीचे उतारा और फिर पड़ोसियों की मदद से हैलट अस्पताल लेकर पहुंची, जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद लखन को मृत घोषित कर दिया था। इसके बाद रावतपुर थाने की पुलिस ने लखन के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
उधर दूसरी तरफ सुसाइड की जानकारी मिलते ही लखन के परिजन पहले हैलट अस्पताल फिर मौका यानी जहां पर दोनों किराए पर रहते थे वहां पहुंचे। मृतक के पिता अर्जुन और उनके परिवार के लोगों ने कई सवाल उठाते हुए दावा किया था कि फांसी लगाने से मौत नहीं हुई है। जहर देकर मर्डर किया गया है। इसके साथ ही गुनगुन पर हत्या का आरोप लगाते हुए रावतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ये साफ हो गया कि लखन की मौत फांसी लगाने से नहीं हुई है। लखन की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। बिसरा को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आते ही पुलिस ने गुनगुन को अरेस्ट कर लिया है। रावतपुर थाने में उससे पूछताछ की जा रही है। 

एसीपी कल्याणपुर रंजीत कुमार ने बताया कि मृतक के पिता अर्जुन की तहरीर पर प्रेमिका गुनगुन के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करके महिला को अरेस्ट कर लिया गया है। उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जाएगा।
एसीपी रंजीत कुमार ने बताया कि मौके का 4 मिनट 24 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला अंदर से दरवाजा बंद किए हुए है। उसी हॉस्टल में किराए पर रहने वाले दो कांस्टेबलों ने धक्का मारकर दरवाजा तोड़ने की कोशिश की और वीडियो बनाया। दरवाजा टूटता देखकर महिला गुनगुन ने दरवाजा खोला और बताया कि भीतर से ताला लगाकर फांसी लगा ली थी। मैंने फंदा काटकर उन्हें नीचे उतारा है।
इसके बाद नाटकीय ढंग से रोते बिलखते हुए अस्पताल लेकर पहुंची थी। जब पुलिस ने पूछा कि एक ही कमरे में दोनों थे तो फांसी कैसे लगा ली तो गुनगुन पहले गोलमोल जवाब देती रही और बाद में कहा कि मेरे सोने के बाद सुसाइड किया है। 

पुलिस अब जहर खाने का सच जानने के लिए महिला से सख्ती से पूछताछ कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करके आरोपी महिला को जेल भेजेगी।
एक पड़ोसी ने बताया कि पहले महिला अपने पति के साथ दिल्ली में रहती थी। तीन महीने पहले महिला का पिता और पति कानपुर आए थे। यहां लखन के पिता से पति ने कहा कि हमारी पत्नी के आपके बेटे के साथ रिलेशन हैं। उसे समझा दीजिए। फिर समझौता हुआ और महिला अपने पति के साथ चली गई। लेकिन महिला कुछ समय बाद फिर लखन के पास आ गई। लखन और महिला दोनों हॉस्टल में कमरा लेकर रहने लगे। उसी कमरे में हत्या को अंजाम दिया गया।

Related News