March 11, 2026

संवाददाता
कानपुर।
एक ट्रांसपोर्टर के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश पर तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
कानपुर देहात के शिवली क्षेत्र के रंजीतपुर निवासी प्रदीप सिंह ने शिकायत दर्ज करके बताया कि एक मार्च को उन्होंने अपना एक ट्रक स्क्रैप का लोहा लोड कराने के लिए मकनपुर बिल्हौर भेजा था। यह लोहा पंजाब जाना था।
आरोप है कि श्याम नगर के नीरज जायसवाल और खान ब्रदर्स के मालिक ने मैनपुरी के किशनी निवासी चालक विनय कुमार से मिलकर साजिश रची।
उन्होंने प्रदीप के ट्रक की नकली नंबर प्लेट तैयार करके उसे दूसरे ट्रक पर लगाया और उसमें स्क्रैप लोहा लोड करवाकर बेच दिया और 4 लाख 66 हजार रुपये का चूना लगा दिया।
जब पीड़ित ने रकम वापस मांगी तो गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
थाना प्रभारी जनार्दन सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।