
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर के शिवराजपुर में मुड़ेरी रेलवे क्रॉसिंग के पास बुधवार सुबह एक वृद्ध का शव मिला। मृतक की पहचान कन्नौज के ठठिया निवासी रामशंकर के रूप में हुई। वह पेशे से किसान थे और मानसिक रूप से विक्षिप्त थे।
रामशंकर पिछले 15 दिनों से अपनी बहन के घर रह रहे थे। उनका भांजा रामनरेश खेरेश्वर मंदिर में सावन मास के मेले में फास्ट फूड की दुकान चला रहा है। वह भांजे की मदद करने आए थे। मानसिक स्थिति के कारण वह अक्सर बिना बताए कहीं भी चले जाते थे।
मंगलवार को वह दुकान से लापता हो गए थे। अगली सुबह ग्रामीणों ने पुराने जीटी रोड पर उनका शव देखा और पुलिस को सूचित किया। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद परिजनों ने शव की पहचान की। परिवार ने हत्या की आशंका जताई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






