March 12, 2026

संवाददाता

कानपुर।  महाराजपुर थाना क्षेत्र में हाथीगांव क्रॉसिंग और सरसौल रेलवे स्टेशन के बीच एक घटना सामने आई। यहां एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। मृतक की पहचान बदुआपुर गांव निवासी रविकांत पाल के रूप में हुई।
रविकांत मंगलवार की सुबह घर से हाथीगांव स्थित श्री नन्देश्वर मंदिर दर्शन के लिए निकला था। करीब दो घंटे बाद हाथीगांव रेलवे क्रॉसिंग से लगभग 400 मीटर दूर उसका शव मिला। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतक के पिता हरि पाल के तीन बच्चे हैं। रविकांत बड़ा बेटा और एक छोटा बेटा शशिकांत था। बेटी रूबी की शादी हो चुकी है। रविकांत ट्रक चलाने का काम करता था।
सरसौल चौकी प्रभारी रवि शंकर के अनुसार, मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है। पुलिस परिजनों की शिकायत, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
युवक की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।