
संवाददाता
कानपुर। बुधवार रात में शुरू हुई बारिश रुक-रुक कर पूरी रात होती रही। दूसरे दिन सुबह फिर से बूंदाबांदी शुरू हो गई। जिसके बाद दिनभर रुक रुक बरसात होती रही। एक डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो 20 जुलाई तक बारिश के आसार दिख रहे हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. एस एन सुनील पांडेय ने बताया कि अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो कि कल 32 डिग्री के आसपास था।
वहीं, न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री दर्ज हुआ है। हवा की औसत गति 3.8 किलोमीटर प्रति घंटे के हिसाब से दक्षिण से पूर्व की ओर चल रही है। 20 जुलाई तक मध्य तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा होती रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक प्रो. पांडेय की माने तो जुलाई के तीसरे सप्ताह में भी कमजोर मानसून जारी है। यह उत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दे सकता है। उत्तर में निम्न दबाव का सिस्टम बना हुआ है।
एक एलपी कानपुर और ग्वालियर के बीच आगे बढ़ रहा है। यह सिस्टम उत्तर-पश्चिमी राज्यों में अच्छी बारिश दे सकता है। अगले चार दिनों में बारिश कम होगी, लेकिन सप्ताहांत में इसमें तेजी आएगी। अब मानसून उत्तर के पहाड़ी क्षेत्रों और पश्चिमी घाट से पूर्वी राज्यों की ओर बढ़ रहा है। गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक में कम बारिश हो रही है।






