
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर के पतारा में 24 घंटे से लापता प्लंबर का शव बुधवार देर शाम खेत में पड़ा मिला था। युवक की हत्या गला घोंटकर की गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। देर रात पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु की है। पुलिस जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
घाटमपुर थाना क्षेत्र के बरनाव मोड़ निवासी राकेश कुरील पुत्र शिवराज प्लंबर का काम करके अपने परिवार का भरण पोषण करते थे। मंगलवार सुबह वह रोज की तरह घर से ड्यूटी जाने को कहकर निकले थे। शाम को वह वापस घर नहीं लौटे तो पत्नी ने उन्हें फोन मिलाया तो उन्होंने बताया कि वह थोड़ी देर में घर आ जाएंगे। इसके बाद से मोबाइल फोन बंद बताने लगा।
बुधवार देर शाम ग्रामीणों ने खेत में युवक का शव पड़ा देखा। युवक का गला गमछे के सहारे कसा हुआ था। परिजनों ने फोनकर पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे एडीसीपी साउथ योगेश कुमार, घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की थी। पुलिस ने आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
एडीसीपी साउथ योगेश कुमार ने बताया कि प्लंबर की हत्या के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई है। संदिग्धों से पूछताछ जारी है। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।






