December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  थाना महराजपुर क्षेत्र के पुरवामीर बॉर्डर पर रात के समय ट्रैक्टरों से केमिकल कचरा डाला जा रहा है। यह कचरा फतेहपुर जनपद की बंद की गई केमिकल फैक्ट्रियों का है।
फतेहपुर जनपद के गोधरौली, आशापुर और छिवली गांव में कई वर्षों से अवैध केमिकल फैक्ट्रियां चल रही थीं। इन फैक्ट्रियों के कचरे से गांवों का पानी हरे रंग का हो गया है। यह पानी पीने योग्य नहीं रहा। बीमारियां बढ़ने और पानी प्रदूषित होने के बाद प्रशासन ने इन फैक्ट्रियों को बंद करवा दिया।
तीन ग्राम सभाओं में पानी की स्थिति इतनी खराब है कि राजस्व विभाग टैंकरों से पीने का पानी पहुंचा रहा है। अब फैक्ट्रियों का बचा हुआ कचरा पुरवामीर हाईवे के किनारे फेंका जा रहा है। इससे यहां के निवासियों को भी पानी प्रदूषित होने का डर है।
ग्रामीणों ने इस अवैध कचरे को रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर यह नहीं रुका तो उन्हें भी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ेगा। इस मामले में अधिकारियों का कहना है कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वे मामले की जांच कर कार्रवाई करेंगे।