December 7, 2025

संवाददाता
कानपुर।
गंगा बैराज के गेट में रविवार फंसे मिले दो शवों में से एक की शिनाख्त आज उन्नाव के बांगरमऊ निवासी ओमवीर सिंह उर्फ अंशू के रूप में हुई। अंशू अपने चाचा कृष्ण कुमार के साथ बीते 10 जुलाई को आगरा एक्सप्रेस वे के पास स्थित घाट पर गंगा स्नान करने गया था, जहां  गहराई में जाने के कारण वह डूबने लगा था, जिसे बचाने पहुंचे चाचा भी डूब गए थे। हालांकि अभी तक चाचा का पता नहीं चला है। आज चाचा–भतीजे का डूबते हुए वीडियो भी सामने आया है।
मूलरूप से बेहरा कच्छ, बांगरमऊ उन्नाव निवासी लोहार अरुण कुमार का बेटा ओमवीर सिंह पेंटिंग का काम करता था। बीते 10 जुलाई को अंशू पड़ोस में रहने वाले चाचा कृष्ण कुमार के साथ आगरा एक्सप्रेस वे के नीचे स्थित घाट लकड़हा घाट पर गंगा स्नान को गया था। इस दौरान गंगा के तेज बहाव व गहराई में जाने के कारण अंशू डूबने लगा।
अंशू को डूबता देख कृष्ण कुमार उसे बचाने को नदी में कूदे थे। इसके बाद से दोनों लापता थे। कल नवाबगंज स्थित गंगा बैराज के गेट नंबर 4 व 24 पर एक युवक व महिला का शव फंसा हुआ मिला था। नवाबगंज चौकी इंचार्ज ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया था। युवक के शव पर दाहिने हाथ में अंशू गुदा हुआ था।
पुलिस ने शवों की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की थी। जिसके बाद उन्नाव पुलिस ने शव की जानकारी दी। परिजन शिनाख्त करने पहुंचे तो शव की पहचान ओमवीर सिंह के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि 10 जुलाई को पूर्णिमा के मौके पर अंशू, चाचा के साथ गंगा स्नान करने गया था।इस दौरान वह गंगा में डूब गया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें अंशू और उसके चाचा डूबने के दौरान हाथ–पैर मार कर मदद मांगने का प्रयास कर रहे है। लोग बचाने का प्रयास करते है, लेकिन वह दोनों डूब जाते है।